
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद गुरुवार को नई दिल्ली स्थित पर्यटन और रक्षा मंत्रालयों में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने की जानकारी ट्विटर पर साझा की। ट्विटर पर उन्होंने लिखा कि उन्होंने रक्षा मंत्रालय में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। रक्षा मंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दी। इसके बाद भट्ट ने कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले भट्ट ने पर्यटन मंत्रालय में केंद्रीय पर्यटन मंत्री के साथ कार्यभार ग्रहण किया। भट्ट ने कहा कि पहले वह दोनों मंत्रालयों के बारे में अध्ययन करेंगे और उनका प्रयास रहेगा कि देश हित और राज्य हित में नीतियों और कार्यक्रम का निर्धारण करें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल और पर्यटन प्रदेश है।

