देहरादून- राजधानी देहरादून में आज कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान उधमसिंहनगर में बारिश(अतिवृष्टि) के कारण हुई धान की फसलों के नुकसान के संबंध में चर्चा हुई। बैठक में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उधमसिंहनगर में प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर 1 कंट्रोल रूम बनाया जाय, जिससे कभी भी अतिवृष्टि की दशा में सीधे सम्पर्क किया जा सके। उन्होंने किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलवाने की प्रकिया को त्वरित गति से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। उनियाल द्वारा आयुक्त कुमाऊ मंडल एवं जिलाधिकारी उधमसिंहनगर को दूरभाष पर भी निर्देशित करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में फसलों को नुकसान हुआ है उन क्षेत्रों का दौरा कर कृषि एवं राजस्व विभाग मिलकर जल्द से जल्द नुकसान का आंकलन तैयार करें, जिससे किसानों को संबंधित बीमा कंपनी द्वारा उनकी फसलों के नुकसान का मुआवजा समय पर दिया जा सके। उनके द्वारा मुख्य कृषि अधिकारी उधमसिंहनगर से भी इस बात की जानकारी ली गई, कि किन क्षेत्रों में अधिक नुकसान हुआ है जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी द्वारा बताया गया कि खटीमा, जसपुर और गदरपुर क्षेत्र में अत्यधिक फसलों के नुकसान हुआ है।


