
देहरादून । कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा यमुना कालोनी में आवास आवंटन को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को यमुना कालोनी में आवास का आवंटन उनके पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने के कारण किया गया है नकि विधायक होने के नाते । उनके विधायक होने के आधार पर उन्हें विधायक निवास में आवास पहले से आवंटित है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डा देवेन्द्र भसीन ने कहा कि जिस समय मेजर जनरल भवन चंद्र खंडूडी प्रदेश के मुख्य मंत्री थे उस समय सत्तारूस दल व मुख्य विपक्षी दल के प्रदेश अध्यक्ष को यमुना कालोनी में आवास आवंटित करने की परम्परा प्रारम्भ की गई थी । उसी के अनुरूप वर्तमान में भी राज्य सरकार ने भी सत्ता पक्ष व विपक्ष के पार्टी अध्यक्षों को यमुना कालोनी में आवास आवंटित किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यह कहना कि उन्हें विधायक होने के कारण यमुना कालोनी में आवास मिला है ,सत्य से दूर है और भ्रम पैदा करने की कोशिश है।
डा भसीन ने कहा कि प्रदेश में विधायकों को देहरादून में रेस कोर्स स्थित विधायक निवास में आवास आवंटित हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह को भी विधायक होने के कारण इसी विधायक निवास में पहले से आवास आवंटित है और उनके आवास का नम्बर २९ है ।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय भट्ट को भी इसी आधार पर यमुना कालोनी में आवास आवंटित किया गया है । आवास आवंटन के बाद श्री भट्ट की ओर से राज्य सरकार को एक पत्र भी भेजा गया कि आवास के किराए से लेकर बिजली पानी आदि के ख़र्च के बारे में उन्हें बताया जाए जिससे उनका भुगतान पार्टी स्तर से कराया जाए। यह पत्र अपर मुख्य सचिव राज्य सम्पत्ति विभाग को भेजा गया।
डा भसीन ने कहा श्री प्रीतम सिंह को आवास आवंटित किए जाने पर यदि कांग्रेस के अंदर कोई आपत्ति है तो यह कांग्रेस अपनी समस्या है । लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बारे में की गई टिप्पणी अनुचित है जिस पर उन्हें खेद व्यक्त करना चाहिए । जहाँ तक इस मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप की बात कही जा रही है तो हम हमेशा न्यायालय का सम्मान करते हैं ।


