देहरादून- कांग्रेसी महिलाओं के सड़कों पर प्रदर्शन के बाद आज कांग्रेसी नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल से मिलकर उन्हे ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आज कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मुलाकात कर इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा आरोपी भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि भाजपा इस मामले को रफा दफा करने पर आमादा है जबकि यह एक अत्यन्त ही गम्भीर और संवेदनशील मामला है। उन्होने कहा कि आज राज्यपाल से मिलकर अपील की है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर तुरन्त एफआईआर दर्ज की जाये। उन्होने कहा कि पीड़िता द्वारा एसएसपी को अपनी शिकायत भेजने के बाद भी अभी तक इसम मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उन्होने कहा कि हम मांग करते है आरोपी संगठन महामंत्री संजय कुमार को तुरन्त गिरफ्तार किया जाना चाहिए तथा इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज की देख रेख में की जाये।



