Wednesday, February 25, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड औली बनेगी शाही शादी की गवाह, खर्च होंगे 200 करोड़ रूपये, फूलों...

औली बनेगी शाही शादी की गवाह, खर्च होंगे 200 करोड़ रूपये, फूलों से दुल्हन की तरह सजेगी औली……

देहरादून- त्रिवेंद्र सरकार की उत्तराखंड को लोकप्रिय वैडिंग डेस्टिनेशन बनाने की पहल रंग लाती दिख रही है। भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीका के प्रसिद्ध उद्योगपति अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत का विवाह 20 जून और अतुल गुप्ता के बेटे शशांक का विवाह 22 जून को औली में होगा। इस शाही शादी समारोह के लिए औली को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा।18 से 22 जून तक यहां दो विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कई बॉलीवुड हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। औली में इस आयोजन पर दो सौ करोड़ से अधिक राशि खर्च होने का अनुमान है। विवाह समारोह के सिलसिले में वहां तैयारियां शुरू हो गई हैं। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के करीबी उद्योगपति गुप्ता बंधुओं को अपने पुत्रों के विवाह के ऐसे स्थल की तलाश थी, जो नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण हो। उनकी यह तलाश उत्तराखंड के औली में जाकर पूरी हुई। उद्योगपति अजय गुप्ता के पुत्र सूर्यकांत का विवाह समारोह 18 से 20 जून तक चलेगा, जबकि अतुल गुप्ता के पुत्र शशांक की शादी के कार्यक्रम 20 से 22 जून तक होंगे। सूर्यकांत की दुल्हन दिल्ली और शशांक की दुल्हन दुबई की रहने वाली हैं।गुप्ता बंधुओं के पारिवारिक मित्र और आयोजक कंपनी के मालिक सुमित अदलखा के अनुसार दोनों विवाह समारोहों के मद्देनजर औली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 800 लोग औली पहुंच चुके हैं। 16 व 17 जून को औली निवासियों के लिए भोज का आयोजन भी किया गया है। अदलखा ने बताया कि विवाह समारोह में कई बॉलीवुड स्टार पहुंच रहे हैं। मेहमानों को दिल्ली से औली तक लाने-ले जाने के लिए 150 चॉपर की व्यवस्था की गई है। विवाह समारोह के लिए स्विट्जरलैंड से पांच करोड़ रुपये के फूल मंगाए गए हैं और पूरी घाटी में फूलों की विशेष सजावट की जाएगी। मेहमानों के रहने के लिए औली में फाइव स्टार सुविधायुक्त टैंट लगाए जा रहे हैं। विवाह समारोह में आने वाले मेहमान औली के रोमांच से भी रूबरू होंगे। इस कड़ी में 18 से 22 जून तक औली में संचालित होने वाली ट्रॉली का पूरा खर्च गुप्ता बंधु उठाएंगे। अदलखा बताते हैं कि यदि कोई मेहमान बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए जाना चाहे तो उनके लिए औली से चॉपर की व्यवस्था होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2