Saturday, February 28, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड ऊधम सिंह नगर में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने किया 4 अटल...

ऊधम सिंह नगर में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने किया 4 अटल उत्कृष्ट स्कूलों का उद्घाटन…

ऊधम सिंह नगर-  उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने बुधवार को जिले में चार अटल उत्कृष्ट स्कूलों का उद्घाटन किया। जिले में चयनित कुल 12 अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में बच्चों को अंग्रेजी मीडियम से पढ़ाने के लिए राजकीय स्कूलों से 797 शिक्षक-शिक्षिकाओं का आज चयन भी होगा।

रुद्रपुर में अटल उत्कृष्ट आदित्य नाथ झा इंटर कॉलेज का उद्घाटन करते हुए पांडेय ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत आज जिले में चार अटल उत्कृष्ट स्कूल एएनझा रुद्रपुर, जीआईसी दिनेशपुर, जीजीआईसी किच्छा और थारू इंटर कॉलेज खटीमा का उद्घाटन हो रहा है। जिले में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त 14 अटल स्कूलों का उद्घाटन होना है। इन स्कूलों में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने के लिए सरकारी स्कूलों के 797 शिक्षक-शिक्षिकाओं की बृहस्पतिवार को स्क्रीनिंग होगी फिर इंटरव्यू के बाद चयन होगा। इसके लिए 3,950 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उत्कृष्ट स्कूलों में कक्षा 6 से 9 तक ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शिक्षा मंत्री ने हरेेला पखवाड़े पर हर्बल गार्डन में अर्जुन का पौधा लगाया। कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने पांडेय को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान  स्थानीय विधायक राजकुमार ठुकराल, सीईओ आरसी आर्या, डीईओ बेसिक एके सिंह, उप शिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही, प्रधानाचार्य केके शर्मा आदि मौजूद थे।

खटीमा में थारु जीआईसी अटल उत्कृष्ट स्कूल का शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने बुधवार शाम उद्घाटन किया। पहले गौरा देवी पर्यावरण यात्रा के तहत पौधरोपण किया। इसके बाद पांडेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए मुखातिब हुए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को स्कूल के शुभारंभ और हरेला की बधाई दी। धामी ने कहा कि वे 23 जुलाई को जिले में प्रवास करेंगे तथा 24 जुलाई को अपने गृह क्षेत्र में आएंगे। वहां पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मोहनी पोखरिया, विनीता सक्सेना, विमला बिष्ट, विमला मुडेला, दिगंबर कन्याल आदि थे।
इधर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी ने अटल उत्कृष्ट योजना में चयनित राइंका बंडिया उत्कृष्ट विद्यालय का उद्घाटन किया। वहां पर बीईओ सोनी मेहरा, तहसीलदार यूसुफ अली आदि थे। वहीं, शिक्षा मंत्री पांडेय को बीएड (टीईटी प्रथम) प्रशिक्षित महासंघ ने नियुक्ति के लिए ज्ञापन सौंपा।
दिनेशपुर में शिक्षा मंत्री ने अटल उत्कृष्ट चितरंजन राहा इंटर कॉलेज का उद्घाटन किया। प्रधानाचार्य सुभाष शुक्ला ने कहा कि अब तक ऑनलाइन और ऑफलाइन के माध्यम से 40 बच्चों ने आवेदन किया है। बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम के उपाध्यक्ष विजय मंडल ने मंत्री से बांग्ला भाषी क्षेत्रों के स्कूलों में बांग्ला भाषा की शिक्षा शुरू करने की मांग की। किच्छा में भी अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कालेज का शुभारंभ शिक्षा मंत्री ने किया। जीजीआईसी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री का स्वागत विधायक राजेश शुक्ला ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2