
देहरादून- उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक शुक्रवार को होगी। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार मंत्रिमंडल बैठक करेगा। लोकसभा चुनाव के चलते सरकार कुछ लोक लुभावने फैसले ले सकती है। पेयजल कनेक्शनों पर बिल कम करने के अलावा आवासीय भवन निर्माण के लिए सरकार कुछ राहत दे सकती है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सरकार पीने का पानी सस्ता करके नागरिकों को राहत देने की तैयारी में है। प्रस्ताव के अनुसार उपभोक्ता 15 हजार लीटर तक का पानी साधारण दर पर इस्तेमाल कर सकेंगे। वर्तमान में प्रति सप्ताह 10 हजार लीटर तक खपत पर पानी का मूल्य साधारण दर से ही वसूला जाता है। इससे अधिक पानी की खपत करने पर प्रति कनेक्शन प्रति हजार लीटर की दर से सरचार्ज वसूला जाता है। इसके अलावा कुछ विभागों की नियमावली पर मुहर लगाने के साथ भवन निर्माण की नियमावली में बदलाव हो सकता है।



