देहरादून- उत्तराखंड के सात जिलों में बृहस्पतिवार को ओले गिरने और आंधी की आशंका है। 60 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राज्य के ज्यादातर इलाकों में आज से ही बादल छाये रहने का अनुमान है। राजधानी दून समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। साथ ही ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी होने के आसार हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है। राजधानी दून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में ओले गिरने और आंधी की आशंका है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को बादल और हल्की बारिश के बावजूद मौसम में बहुत ज्यादा ठंडक नहीं रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।



