देहरादून- उत्तराखंड में प्लास्टिक पैकिंग में उत्पाद बेचने वाली कंपनियों पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त रुख अपना लिया है। बोर्ड ने कंपनियों से एक माह के भीतर अपने उत्पादों की पैकिंग में इस्तेमाल किए गए प्लास्टिक को उठाने का इंतजाम करने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर कंपनियों के उत्पाद पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव एसपी सुबुद्धि ने बताया कि प्लास्टिक मैनेजमेंट रूल-2016 के तहत अपने उत्पाद प्लास्टिक में पैक करने, बेचने और आयात करने वाली कंपनियों को इससे पैदा होने वाले प्लास्टिग कचरे का निस्तारण करना है।
इसके लिए उन्हें पीसीबी में अपना रजिस्ट्रेशन कराना था और कचरे के निस्तारण की कार्ययोजना पीसीबी को देनी थी। लेकिन अब तक किसी भी कंपनी ने ना तो रजिस्ट्रेशन कराया ना ही कार्ययोजना दी। अब ऐसी कंपनियों को आज से नोटिस भेजे जाएंगे। अगर एक माह में ऐसा नहीं होता तो इन कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।



