Thursday, February 26, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड उत्तराखंड में देश के पहले हेलीकाप्टर सम्मेलन का आयोजन, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र...

उत्तराखंड में देश के पहले हेलीकाप्टर सम्मेलन का आयोजन, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने किया उद्घाटन…..

देहरादून- केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय और फिक्की (फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर्स आफ कामर्स इंडस्ट्री) के सहयोग से उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय हेली सम्मेलन आयोजित किया गया। इस तरह का हेलीकाप्टर समिट भारत में पहली बार आयोजित किया गया है। इस सम्मेलन की थीम ‘‘हेलीकाप्टर के माध्यम से कनेक्टीवीटी में विस्तार’’थी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां हेली सेवाएं बहुत जरूरी हैं। सीमांत क्षेत्रों तक सड़क मार्ग से जाने में 20 घंटे तक लग जाते हैं जबकि हेलीकाप्टर से मात्र 1ः30 घंटे में पहुंचा जा सकता है। उत्तराखण्ड के दूरस्थ क्षेत्रों की प्राकृतिक सुदंरता का कोई मुकाबला नहीं है। उत्तराखण्ड में धार्मिक पर्यटन के साथ ही खर्चीले पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हो रही है। हमारे प्रयासों से पिछले कुछ समय में फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखण्ड पंसदीदा गंतव्य बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट के समय मुम्बई में फिल्मकारों के साथ बैठक की गई थी। फिल्म निर्माता महेश भट्ट पहले रोमानिया में अपनी फिल्म की शूटिंग करना चाहते थे। हमने उन्हें उत्तराखण्ड आमंत्रित किया।वे यहां आए और बहुत से दूरस्थ क्षेत्रों तक घूम कर आए। वे यहां की प्राकृतिक सुंदरता से बहुत प्रभावित हुए। आतिथ्य उत्तराखण्ड के स्वभाव में है। देश-विदेश से बहुत से लोग, उत्तराखण्ड के दूरस्थ क्षेत्रों तक जाना चाहते हैं। परंतु उनके पास समय की कमी होती है। इसलिए यहां हेली सेवाओं की बहुत जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड दैवीय आपदा की दृष्टि से भी संवेदनशील राज्य है। आपदा प्रभावितों को बचाने व राहत पहुंचाने में हेली सेवाएं बहुत ही उपयोगी हैं। हम राज्य में हेली एम्बुलेंस की सेवा देना चाहते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में गम्भीर रूप से बीमार लोगों को हायर सेंटर कम समय में पहुंचाने के लिए भी हेली एम्बुलेंस जरूरी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में वर्ष में औसतन 2 लाख लोग हेली सेवाएं ले रहे हैं। हमारे यहां 51 हेलीपेड, 2 एयरपोर्ट व 1 एयरस्ट्रिप है। इसी प्रकार टिहरी में एक वाटर ड्रोम विकसित कर रहे हैं। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को मेयर सुनील उनियाल गामा व फिक्की की सिविल एवियेशन समिति के अध्यक्ष आनंद स्टेनले ने भी सम्बोधित किया। उत्तराखण्ड नागरिक उड्डयन सचिव दिलीप जावलकर ने अतिथियों का स्वागत किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2