देहरादून- उत्तराखंड के 121 महाविद्यालयों में से 113 में आज छात्र संघ चुनाव हो रहे हैं। चुनाव सुबह आठ बजे से शुरू होकर दोपहर दो बजे तक चलेगा। जिसमें एक लाख 30 हजार छात्र-छात्राएं मतदाता के रूप में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव सहित विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके बाद आज ही मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशक एससी पंत के मुताबिक चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। प्रदेश में 104 सरकारी एवं 17 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालय हैं। उच्च शिक्षा निदेशक एससी पंत एवं उप निदेशक डा.डीसी नैनवाल के मुताबिक प्रदेश भर में शांतिपूर्वक मतदान के लिए विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाए गए हैं।



