उत्तराखंड में उछाल मारने लगा पारा, अगले चार दिनों तक नहीं मिलेगी राहत, पड़ेगी झुलसाने वाली गर्मी……

देहरादून- उत्तराखंड में एक बार फिर पारा उछाल मारने लगा है। दोपहर में सूरज की तपिश लोगों को बेचैन करने लगी है। पिछले 24 घंटे के दौरान दून और मसूरी के अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने फिलहाल चार दिन तक गर्मी और बढ़ने का अनुमान जताया है। हालांकि, 10 मई से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। पिछले दिनों बारिश और बर्फबारी से पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन अब मौसम फिर शुष्क हो गया है। मैदान से लेकर गढ़वाला और कुमाऊं के पहाड़ों में सुबह के समय चटख धूप निकल रही है। इससे तापमान में भी इजाफा हो रहा है।हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक चल रहा है। आलम यह है कि देहरादून में पारा फिर 36 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है, वहीं उत्तरकाशी और अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि आने वाले चार दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक उछाल के आसार हैं। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि 10 मई से प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदल सकता है। राजधानी दून में 10 और 11 मई को तेज आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here