देहरादून- उत्तराखंड में मौसम लगातार कहर बरपा रहा है। बागेश्वर जिले के कांडा तहसील में एक कच्चा मकान जमीदोंज होने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट इलाके में पहाड़ी से गिरे बोल्डर से एक आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया। उस वक्त भीतर कोई मौजूद नहीं था। उधर, केदानाथ और बदरीनाथ हाईवे पूरे दिन बाधित रहा। यमुनोत्री और गंगोत्री में यातायात सुचारु रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बागेश्वर जिले में पूरी रात बारिश का दौर चला। यहां कांडा तहसील के ढोला गांव में एक मकान धराशायी हो गया। इसमें रह रही 22 वर्षीय विवाहिता प्रेमा देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि उसके ससुर, सास और एक बच्चा चोटिल हो गए। उत्तरकाशी जिले की बड़कोट तहसील के ग्राम पिफियारा में पहाड़ी के टूटने से जबर सिंह के दो मंजिला मकान पर बड़ी चट्टान आ गिरी। शुक्र ये रहा कि उस दौरान जबर सिंह और परिवार के अन्य सदस्य छानी यानी गौशाला गए हुए थे। दूसरी तरफ, केदारनाथ हाईवे पूरे दिन अलग-अलग स्थानों पर बाधित और खुलता रहा। सुबह जामू, डोलिया देवी के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण हाइवे पर आवाजाही बंद हो गई थी। दोपहर कुछ देर के लिए रास्ता खुला, लेकिन फिर से बाधित हो गया। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में सुबह से ही बाधित चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, चंपावत, टिहरी, चमोली और पिथौरागढ़ में अगले दो दिनों के अंतराल में भारी बारिश पड़ सकती है।



