देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) में नए साल की शुरुआत तक 350 से अधिक संविदा पर ड्राइवरों की भर्ती होगी। इसके लिए निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। सप्ताहभर के भीतर इसके लिए निविदा निकाल दी जाएगी। रोडवेज में करीब 400 ड्राइवरों की कमी है।अब रोडवेज की 350 नई बसें भी आ गई हैं। ऐसे में ड्राइवरों का संकट और बढ़ गया है। इसे देखते हुए रोडवेज ने आउटसोर्स से ड्राइवरों की भर्ती किए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। महाप्रबंधक (संचालन) रोडवेज दीपक जैन ने बताया कि तैयारी पूरी कर ली गई है। जल्द ही निविदा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि साल की शुरुआत तक ड्राइवरों की कमी को दूर कर लिया जाएगा।


