देहरादून- उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक त्रिवेंद्र पंवार ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अगर वास्तव में देश की हितेषी है तो जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा इसी वादे के साथ सत्ता में आई थी। अब वक्त है कि सरकार अपना वादा निभाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में बड़ी संख्या में असामाजिक लोग पनाह ले चुके हैं, यही वजह है कि इन मैदानी क्षेत्रों में आज भारत विरोधी नारे लग रहे हैं। उन्होंने राज्य में सत्यापन अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकी हमला एक निंदनीय कृत्य है। उत्तराखंड क्रांति दल ने केंद्र सरकार से कश्मीर में शांति के लिए धारा 370 को हटाकर स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर से पलायन कर चुके कश्मीरी पंडितों को वापस घाटी में बसाये। यही नहीं राज्यों देश के सभी राज्यों से एक करोड़ से अधिक लोगों को घाटी में बसाने की जरूरत है। इससे कश्मीर में शांति भी स्थापित होगी और घाटी का वैभव भी लौटेगा।



