
विधानसभा चुनाव अभी हुए भी नही है पर एक विधानसभा सीट का फैसला अभी आ गया है। जीं हां उत्तराखंड में यमेकश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत स्यालिंगा के ग्रामीण आगामी विधानसभा चुनाव में नोटा का प्रयोग करेंगे।
खबर है कि यहां के ग्रामीण घराट-मुंडला सड़क मार्ग निर्माण न होने के चलते नाराज है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों बीत गए, कितने ही नेता आकर चले गए। हर बार वादे किए जाते है पर उन्हें पूरे नही किए जाते। ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान एबीएम मशीन में नन ऑफ द एबव (नोटा) का प्रयोग करने का निर्णय लिया है।
स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति के बैनर तले ग्राम पंचायत स्यालिंगा में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने राजनीतिक दलों पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाया। बैठक में कहा गया कि कितनी सरकारें आई और गईं, लेकिन उन्हें सड़क स्वीकृत होने के बावजूद आज तक सड़क सुविधा लाभ नहीं दिया गया। यही नहीं, उनके क्षेत्र में चिकित्सा सुविधा भी नहीं दी गई है। ग्रामीणों को डाक्टर तक पहुंचने और बाजार आने के लिए नौ किमी का जंगली रास्ता तय करना पड़ता है।
ऐसे में उन्हें अब किसी भी राजनीतिक दल पर विश्वास नहीं रह गया है, इसलिए वे अपने अधिकारों का प्रयोग कर मतदान के दिन एबीएम मशीन में नोटा का बटन दबाएंगे।


