देहरादून- केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इन्वेस्टर्स समिट के दूसरे दिन समारोह के समापन मे शिरकत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के आर्थिक विकास का जब भी इतिहास लिखा जाएगा, उसमें इन्वेस्टर्स समिट का जिक्र जरूर होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार इन्वेस्टमेंट को लेकर इतना बड़ा आयोजन हुआ है। इसके लिए उत्तराखंड सरकार बधाई की पात्र है। इन्वेस्टर्स समिट का समापन सत्र शुरू हो गया है। जिसमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में उत्तराखंड सरकार की तारीफ की। कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था और सुरक्षा के रूप में उत्तराखंड आदर्श राज्य है। निवेश के लिए इससे बेहतर कोर्इ दूसरी स्थिति नहीं है। साथ ही गृहमंत्री ने कहा कि मैनें किसी संत से पूछा कि उत्तराखंड को देवभूमि क्यों कहते हैं? तो उन्होंने कहा कि यहां के धार्मिक क्षेत्रों में एक अलग प्रकार की स्प्रीचुअल वाइब्रेशन है, इस कारण उसे देवभूमि कहा जाता है। लेकिन मेरा मानना है कि उत्तराखंड के रहने वाले लोग भी बहुत अच्छे हैं, यहां के लोग बड़े मन के होते हैं। देश के लिए शहीद होने वाले लोग उत्तराखंड में ही मिलेंगे। इसलिए इसे देवभूमि कहा जाता है। वहीं इससे पहले सीएम त्रिवेंद्र रावत ने इन्वेस्टर्स समिट में प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक स्टाल का निरीक्षण कर उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मंडुवे के बिस्किट का स्वाद भी लिया। इतना ही नहीं सीएम ने हॉर्टिकल्चर से सम्बंधित उत्पादों के बारे भी जानकारी ली। सीएम ने कहा कि समिट को लेकर निवेशकों के साथ ही सरकार में भी खास उत्साह है। ये पहल राज्य के लिए वरदान साबित होगा। सीएम ने ये भी कहा कि यह दीर्घकालीन प्रोजेक्ट है और इसे आकार लेने में वक्त लगेगा। आने वाले चार से पांच सालों में अच्छे परिणाम सामने आएंगे।


