आंगनबाड़ी केंद्रों में तालाबंदी के साथ ही कार्यकर्ता बीएलओ ड्यूटी भी नहीं करेंगी। मांगे न मानी र्गईं तो 22 अक्तूबर को देहरादून में शंखनाद रैली निकाली जाएगी।
लंबित मांगों पर अमल न होने से नाराज प्रदेश की उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ से जुड़ीं 12 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने आज से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार का एलान किया है। संघ की प्रदेश महामंत्री सुशीला खत्री ने कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में तालाबंदी के साथ ही कार्यकर्ता बीएलओ ड्यूटी भी नहीं करेंगी। यदि इसके बाद भी उनकी मांगे न मानी र्गईं तो 22 अक्तूबर को देहरादून में शंखनाद रैली निकाली जाएगी। राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री के मुताबिक प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानदेय वृद्धि के साथ ही विभिन्न मांगों से सरकार और विभागीय अधिकारियों को अवगत कराती आई हैं, इसके बाद भी उनकी मांगों की अनदेखी हो रही है। यदि उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से वार्ता के लिए न बुलाया गया तो सभी कार्यकर्ता आज से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार पर चली जाएंगी। इसके बाद भी मांगे न मानी तो शंखनाद रैली निकाली जाएगी। जिसके तहत गांधी पार्क से मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा।