अमेरिका के उपविदेश मंत्री जॉन सुलिवान ने शुक्रवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की है। दोनों के बीच भारत-अमेरिका के साझा रणनीतिक संबंधों पर बातचीत हुई। जयशंकर ने ट्वीट कर कहा, “उपविदेश मंत्री जॉन सुलिवान से मुलाकात कर खुशी हुई, हमनें दोनों देशों के बीच के रणनीतिक संंबंधों पर चर्चा की।” बता दें सुलिवान 11 से 17 अगस्त तक भूटान और भारत के दौरे के लिए आए हैं। वह भूटान के बाद अब भारत में हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और दोनों देशों से अमेरिकी रिश्तों की मजबूती उनकी दौरे का मुख्य उद्देश्य है।
इस बैठक के अलावा जयशंकर और सुलिवान भारत-अमेरिकी फोरम को भी संबोधित करेंगे। सुलिवान ऐसे समय में भारत दौरे पर आए हैं, जब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। बता दें केंद्र सरकार ने पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले इस अनुच्छेद को खत्म कर उसे दो भागों में बांट केंद्र शासित प्रदेश बना दिया था। जम्मू-कश्मीर के अलावा लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है। इस फैसले का पाकिस्तान शुरू से ही विरोध कर रहा है। जिसके लिए उसने कई देशों को इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए कहा। लेकिन सभी देशों ने इसे भारत का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर द्विपक्षीय बातचीत से तनाव दूर किया जाना चाहिए।



