बड़ी खबर : “एक बेचारा चाय बेचने वाला, जो सवा सौ करोड़ देश वासियों को तीन साल में महंगाई, बेरोजगारी, लाचारी ही दे पाया था कि अचानक उसके बगल से भ्रष्टाचार ने भी जन्म ले लिया।” यह तंज कसा है राज्य सभा सांसद और यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने…..भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कंपनी हवाला देते हुए अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि जय शाह की कंपनी टेंपल इंटरप्राइजेज ने तीन सालों में 16 हजार गुना मुनाफा कमाया है। राजबब्बर ने कहा जब सत्ता की चाबी पिता के हाथों में हो तो बेटा मुनाफा कमाएगा ही।
देहरादून में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए राजबब्बर ने कहा कि भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा और उसकी सरकार अब जनता को नही बतायेंगे की एक कंपनी में इतना पैसा कहां से आया और किस तरह कंपनी ने इतना पैसा बनाया। जो कंपनी 16 हजार गुना लाभ कमाने वाली थी उस कंपनी को भाजपा के अध्यक्ष अमितशाह के बेटे जय शाह ने अचानक क्यों बंद कर दिया।
उन्होंने कहा कि आज ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाएं खामोश हैं और कोई जांच नहीं कर रही हैं। वहीं राज्य सभा सांसद राजबब्बर ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का केंद्रीय मंत्री एक व्यक्तिगत भ्रष्टाचार के मामले में प्रवक्ता बनकर सफाई देने पहुंच गए हैं। बब्बर ने कहा पीयूष गोयल के ऊर्जा मंत्री रहते नियमों को ताक पर रखा और जय शाह की कंपनी को विंड मिल लगाने के लिए 10 करोड़ रुपये का लोन दिया गया।

रेल मंत्री पर तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि पीयूष गोयल अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के बेटे की पैरवी में ऐसे प्रेस कांन्फ्रेंस कर रहे है मानो जय शाह मोदी कैबिनेट का हिस्सा हैं। उन्होंने नितिन गडकरी का हवाला देते हुए सवाल किया जब उनके ऊपर भ्रष्टाचार का मामला आया था तो गड़करी ने इस्तीफा दे दिया था। अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अमित शाह के बेटे पर आरोप लग रहा है तो क्या अब अमित शाह जी इस्तीफा देंगे।
बब्बर ने तंज कसते हुए कहा क्या सब कुछ त्यागने का दावा करने वाले पीएम मोदी इस मसले पर भी जांच की नैतिकता दिखा पाएंगे। राजबब्बर ने जय शाह मुनाफा मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के दो कार्यरत जजों से करवाने की मांग की।



