
देहरादून। डिफेंस कालोनी में डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा अवैध रूप से वसूली गई फीस का मामला गर्माता जा रहा है। इसी संदर्भ में अभिभावकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर मामले की जांच और उचित कार्यवाही की मांग की है। जिलाधिकारी की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि इस मामले पर उचित कार्यवाही की जाएगी।
डिफेंस कालोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल अपने फीस के कारण चर्चाओं का विषय रहा है। हर वर्ष मनमाना शुल्क बढ़ा देना कॉलेज की गतिविधियों में शामिल हो गया है। बढ़े शुल्क के कारण डीएवी कॉलेज के अभिभावकों ने प्रदर्शन किया तथा उचित कार्यवाही की मांग की। जिलाधिकारी द्वारा इन अभिभावकों को आश्वस्त किया गया है कि उनकी मांगों पर कार्यवाही की जाएगी और स्कूल की जांच होगी। स्कूल प्रबंधन के कारनामों के कारण परेशान अभिभावकों का कहना है कि हर वर्ष वार्षिक और मासिक रूप में उन्हें बढ़ी हुई राशि देनी पड़ रही है, जबकि एनसीआरटी की किताबें न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। इस संदर्भ में अभिभावक कई बार उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन कार्यवाही न होने पर उन्हें मजबूरन जिलाधिकारी कार्यालय आना पड़ा। अभिभावकों का कहना है कि प्रबंधन एनसीएसआरटी की किताबें लागू करें और अवैध शुल्क लेना छोड़े अन्यथा विद्यालय प्रांगण में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।



