अशोक कुमार अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था ने बताया कि उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा मैदानी क्षेत्रों में बढ़ते अपराध, यातायात व्यवस्था,चेन स्नैचिंग आदि पर नियंत्रण करने के उद्देश्य से राज्य के चार मैदानी जनपदों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर व नैनीताल (हल्द्वानी) में सीपीयू (सिटी पेट्रोल यूनिट) का संचालन किया जा रहा है। जिसके द्वारा राज्य के उक्त जनपदों में अपराध व सड़क दुर्घटनाओ में कमी लाने का कार्य बखूबी निभाया जा रहा है, जिसकी आम जनता द्वारा सराहना भी की गई है।
सीपीयू की सफलता के उपरांत पर्वतीय जनपदों में यातायात नियंत्रण व अन्य आपदा संबंधी कार्यों में त्वरित कार्यवाही हेतु उपलब्ध जनशक्ति से ही एच0पी0यू0 (हिल पेट्रोल यूनिट) स्थापित करने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही एच0पी0यू0 द्वारा कार्य किये जाने का एक चार्टर भी पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार कर भेजा गया है। जिसमें उन्हें निम्न कार्य सौंपे गये हैं। 1. पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कराना जिससे दुर्घटनाओं पर नियन्त्रण लगाया जा सके।
2. वाहनों की आकस्मिक चैकिंग कर शराब व मादक पदार्थ की तस्करी की रोकथाम।
3. आपदा/दुर्घटनाओं की स्थिति में मैडिकल फर्स्ट रिस्पोण्डर के रुप में कार्य करेंगे। इसके लिए उन्हे प्राथमिक उपचार किट आदि उपलब्ध कराई जायेगी।
4. निःशक्त/असहाय नागरिकों की सहायता।



